Yuva Haryana : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। भूपेंद्र हुड्डा के अनुसार भाजपा सरकार की खराब नीतियों के कारण प्रदेश में औद्योगिक पलायन, भ्रष्टाचार और कर्ज लगातार बढ़ा है।
भूपेंद्र हुड्डा का कहना है कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार साल 2018-19 से लेकर अब तक हरियाणा में 1446 फैक्ट्रियां या तो बंद हो गई है या फिर पलायन कर गई है।
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पिछले पांच सालों में हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्र में 12.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही। वहीं पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश में छह नए आईएमटी बनवाए थे।
इसके अलावा पूर्व कांग्रेस सरकार ने मारुति, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, रिलायंस, होंडा, आईओसी, पैनासोनिक, योकोहामा, डेंसो जैसे अनेक बड़े-बड़े उद्योग हरियाणा में स्थापित किए थे। कांग्रेस ने ही रेल कोच फैक्ट्री और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा भी मंजूर करवाया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने ये दोनों परियोजनाएं हरियाणा के बाहर भेज दी।
हुड्डा ने आगे प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि साल 1966 से 2014 तक प्रदेश का कुल कर्ज 60 हजार करोड़ रुपए था, जो कि अब पांच लाख करोड़ से ज्यादा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के फिस्कल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 18 राज्यों में 14वें स्थान पर है। वहीं एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार पिछले तीन साल में भ्रष्टाचार के मामले 187 प्रतिशत बढ़े है और हरियाणा भ्रष्टाचार में छठे स्थान पर पहुंच गया है।



