Yuva Haryana: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। छह देशों के 200 से अधिक एथलीटों के बीच हुई इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने भी पदकों की बौछार कर प्रदेश का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के शुरुआती दो दिनों में भारत ने 14 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 28 पदक अपने नाम किए, जिसमें हरियाणा की बेटियों और खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। महिला डिस्कस थ्रो में भिवानी की प्रिया श्योराण ने 52.03 मीटर की दूरी नापकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत की ही निकिता कुमारी ने 50.02 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका की बी.ए.के.के. बालासूरिया ने 44.97 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। दूसरे दिन फतेहाबाद की पूनम ने महिला भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) में 53.86 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि दुर्वा शेवाले 46.96 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका की बी.टी. हंसानी 45.42 मीटर के साथ कांस्य पदक पर रहीं।
दूसरे दिन भी भारतीय और हरियाणवी एथलीटों ने पदकों की झड़ी जारी रखी। पुरुष डिस्कस थ्रो में वैभव ने 51.97 मीटर के साथ स्वर्ण, भरतप्रीत सिंह ने 49.63 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका के एस.जी.एल.बी. बोजिथ गुणशेखरा ने 44.55 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में शेख रोशन ने 14.15 सेकंड में स्वर्ण, श्रीलंका के संदुन कौशला विजयलथ ने 14.37 सेकंड में रजत और भारत के ऋतिक राहुल एम ने 14.48 सेकंड में कांस्य पदक जीता। महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में सविता टोपपो ने स्वर्ण, शाइनी ग्लेडसिया ने रजत और श्रीलंका की पी.जी.एम.एस. गुणथिलका ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला ट्रिपल जंप में साधना रवि ने 13.24 मीटर के साथ स्वर्ण, बांग्लादेश की खातून मोस्त स्वप्ना ने 13.22 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका की एल.एस.ए.डब्ल्यू. अराच्ची ने 12.96 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं, पुरुष 1500 मीटर दौड़ में हिसार के हितेश जाखड़ ने 3:56.72 मिनट के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि श्रीलंका के नेथसारा दिनेथ गागाबाडा ने रजत और भारत के राहुल सरनालियां ने कांस्य पदक हासिल किया।
उज्बेकिस्तान के रिंग में आज से गूंजेगा हरियाणा के मुक्केबाजों का दम
भिवानी: अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी के रिंग में एक बार फिर हरियाणा के मुक्केबाज अपनी ताकत और प्रतिभा का लोहा मनवाने को तैयार हैं। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 28 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले विश्व कप फाइनल्स (वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स 2026) में भारतीय दल के साथ हरियाणा के खिलाड़ी भी चुनौती पेश कर रहे हैं।
भारतीय महिला और पुरुष टीमों में हरियाणा के मुक्केबाजों की मजबूत मौजूदगी प्रदेश की समृद्ध बॉक्सिंग परंपरा को दर्शाती है। महिला वर्ग में रोहतक की ज्योति (48 किग्रा) और मीनाक्षी (51 किग्रा), हिसार की पूनम (54 किग्रा), झज्जर की प्राची (57 किग्रा), रोहतक की स्नेह (65 किग्रा) तथा रोहतक की ही नैना (80 किग्रा) जैसी मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक की उम्मीदों के साथ रिंग में उतर रही हैं।
पुरुष वर्ग में भी हरियाणा के मुक्केबाज अपनी पंचिंग पावर दिखाने को तैयार हैं। इनमें भिवानी के जुगनू (85 किग्रा) और हिसार के आकाश (75 किग्रा) सहित अन्य भारतीय मुक्केबाज शामिल हैं। कोच अनिल टेकराम के अनुसार, देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 2.3 प्रतिशत होने के बावजूद खेलों में प्रदेश की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक है, जो मजबूत खेल आधार का प्रमाण है। ताशकंद में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में मिलने वाले रैंकिंग अंक आगामी ओलंपिक क्वालीफिकेशन की राह में भी बेहद अहम माने जा रहे हैं।

