Yuva Haryana: हरियाणा कांग्रेस में अनुशासन बनाए रखने के लिए कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सख्त तेवर में नजर आ रहे हैं। कांग्रेसियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते-पढ़ाते अब राव नरेंद्र सिंह एक्शन मोड में भी आ गए हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पहली बार संगठन में अनुशासनहीनता करने पर सीधी कार्रवाई की है। उनके द्वारा विधानसभा चुनाव-2024 में दादरी से कांग्रेस उम्मीदवार रहीं डॉ मनीषा सांगवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
दरअसल, मनीषा को यह नोटिस 13 अक्टूबर को दादरी में कांग्रेस के हुए एक कार्यक्रम के संबंध में दिया गया है। कांग्रेस के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ कार्यक्रम के दौरान मचे भारी हंगामे के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने यह कदम उठाया हैं।
मनीषा को जारी नोटिस में लिखा गया है कि दादरी कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थकों ने अनुशासनहीनता की हदें पार की, जिससे पार्टी की साख को नुकसान पहुंचा है। हंगामे से पूरे कार्यक्रम का संदेश और प्रभाव जमीनी स्तर पर खत्म हुआ है।
फिलहाल, कांग्रेस द्वारा मनीषा सांगवान से दस दिन में जवाब मांगा गया है कि आखिर उनके समर्थकों ने ऐसा व्यवहार क्यों किया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

आपको बता दें कि 13 अक्टूबर को दादरी में हुए कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया था। बड़ी बात ये थी कि कार्यक्रम में खुद प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र और एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल भी मौजूद थे। आरोप है कि मंच से वरिष्ठ नेताओं के भाषण के दौरान मनीषा सांगवान के समर्थकों ने नारों और नोकझोंक के साथ अपशब्दों से माहौल बिगाड़ दिया। मामला इतना बढ़ गया था कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को खुद मोर्चा संभालना पड़ा और कहना पड़ा कि उन्हें ऐसे कार्यकर्ताओं की कोई जरूरत नहीं है।
कांग्रेसियों के हंगामे की यह खबर मीडिया की सुर्खियों में भी रही। कांग्रेस के इस अंदरूनी टकराव और गुटबाजी के बाद अब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने यह सख्त कदम उठाया है।



