Yuva Haryana : हरियाणा में करीब सवा साल के बाद भी उचाना कलां विधानसभा चुनाव 2024 की चर्चा जारी है। इस सीट पर मात्र 32 वोटों के अंतर से हुई हार जीत के बाद मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा हुआ है। हारा हुआ प्रत्याशी दोबारा गिनती करवाने की मांग कर रहा है तो वहीं जीता हुआ विधायक दोबारा गिनती नहीं करवाने की मांग उठा रहा है।
ताजा अपडेट ये है कि उचाना कलां से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। उनके द्वारा वोटों की दोबारा गिनती पर रोक लगाने की मांग से संबंधित दायर की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
अब भाजपा विधायक का कहना कि वे कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ेंगे और आगामी कार्यवाही करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट मामले की अगली तारीख तय करने के लिए आजाद हो गया है।
उधर, 32 वोटों के अंतर से हारने वाले कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट में ये मामला एविडेंस स्टेज तक पहुंच गया है। इस मामले में उनकी गवाही पूरी हो चुकी है, बस रिटर्निंग अधिकारी की ही गवाही बाकी है।
आपको बता दें कि मार्च 2025 में बृजेंद्र सिंह ने वोटों की दोबारा गिनती को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने सुप्रीम कोर्ट की ओर रुख किया था।



