Yuva Haryana : हरियाणा में घने कोहरे के सीजन की शुरुआत के साथ ही सड़क सुरक्षा की कमजोर कड़ियां भी उजागर हो रही है।
प्रदेश में पिछले कई दिनों से कोहरे के चलते हुए अनेक सड़क हादसों में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद भी सरकारी सिस्टम के ढीले रवैये में कोई सुधार नहीं देखने को मिल रहा है।
एक प्रमुख समाचार पत्र ने हरियाणा के जींद जिले के हालात बयां किए है, जिसमें जिला प्रशासन के आदेश के बावजूद भी अनेक सड़कों के बीच में और दोनों किनारों पर सफेद रंग की पट्टियां गायब है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड को कटघरे में खड़ा करते हुए खबर में बताया गया है कि हाल ही में रोड सेफ्टी की बैठक हुई थी, जिसमें तमाम सड़क अथॉरिटीज के अधिकारियों को धुंध के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर सफेद रंग की पट्टी बनाने के निर्देश दिए थे।
ऐसे में इन आदेशों पर लोक निर्माण विभाग और मार्केटिंग बोर्ड ने कुछ सड़कों पर सफेद पट्टी जरूर बनाई, लेकिन अब भी अनेक सड़कों पर सफेद पट्टियां नहीं है, जिससे कोहरे में सड़क हादसे होने का खतरा बना हुआ है।
जींद रेलवे जंक्शन से इक्कस गांव के लिए बनी नई सड़क पर एक बड़ा टुकड़ा बिना सफेद रंग की पट्टी के है, जिसके चलते धुंध में सड़क नजर ही नहीं आती है।
इसी तरह 20 किलोमीटर लंबे जींद बाईपास रोड के दो फ्लाईओवर धुंध और कोहरे के समय जानलेवा साबित हो रहे है। यहां फ्लाईओवरों में गहरे-गहरे गड्ढे बने हुए है और उनमें सफेद पट्टी पूरी तरह से गायब है।
खबर में जींद-सफीदों स्टेट हाईवे को जींद जिले का सबसे खतरनाक हाईवे बताया गया है, क्योंकि पिछले दो सालों से इस हाईवे पर हादसों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यह हाइवे बेहद तंग है और इस पर गहरे गड्ढे भी है। अनेक जगह सफेद पट्टी गायब है।
ये भी जानकारी है कि अनेक स्थानीय पूर्व विधायकों की मांग के बाद साल 2021 में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल ने जींद-सफीदों स्टेट हाईवे की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर दस मीटर करने की घोषणा की थी। हालांकि, इसके लिए बजट भी अलॉट हो चुका है, लेकिन अब तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू नहीं किया गया है।
उधर, हिसार के कांग्रेस सांसद और जींद जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति के सह अध्यक्ष जयप्रकाश ने कहा कि अगले महीने दिशा की बैठक में एनएचएआई और प्रशासन के अधिकारियों से इस पर जवाब मांगा जाएगा।



