Yuva Haryana : हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने लॉरेंस गैंग पर बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, एसटीएफ की अंबाला यूनिट ने चार कुख्यात शूटरों को भारी मात्रा में हथियारों के साथ पकड़ा है।
एसटीएफ का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद कई बड़ी वारदात टल गई है। पुलिस जांच में फिरौती और बड़ी आपराधिक साजिश का खुलासा हुआ है। ये शुटर रेवाड़ी-नारनौल टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले थे। इसके अलावा दूसरे राज्यों में भी वारदात को अंजाम देने वाले थे। पुलिस ने समय रहते इन कुख्यात शूटरों को पकड़ा है।
आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ के गगन और जयंत कुमार, कैथल के साहिल और राजस्थान के जयंत के रूप में हुई है। इनके पास से 9 एमएम पिस्टल, 30-32 बोर की अवैध पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए गए।
एसटीएफ की जानकारी के अनुसार इन आरोपियों को कुरुक्षेत्र जिले के गांव उमरी के पास से गिरफ्तार किया गया।
साथ ही पुलिस ने दावा किया है कि ये बदमाश गैंगस्टर नितिन फौजी और रामवीर के इशारे पर रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर फिरौती के मकसद से फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले थे। इसके अलावा एक और गैंगस्टर के कहने पर ये झारखंड में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
गिरफ्तार गगन और जयंत पर पहले से ही मर्डर के केस चल रहे है। एक मर्डर केस में गगन पानीपत जेल से जमानत पर बाहर है। इन पर राजस्थान में एक मर्डर करने का आरोप है, जिसके चलते वे अलवर और अजमेर में भी जेल में रहे है। अब ये सभी गैंगस्टर लॉरेंस के लिए काम करते है।
अब इन शूटरों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में थानेसर थाना सदर में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। 10 दिन की रिमांड के दौरान इन बदमाशों के नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित टारगेट के बारे में पूरा पता लगाया जा रहा है।



