Yuva Haryana : हरियाणा के पानीपत जिले के सरकारी अस्पताल के नेत्र रोग अधिकारी और इनेलो जिलाध्यक्ष के भाई जयदीप राठी की हत्या के मामले में जहां पुलिस की जांच जारी है तो वहीं इस मामले को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए जा रहे है।
शनिवार को इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पानीपत पहुंचे और राठी परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा।
अभय चौटाला ने पुलिस को फ्री हैंड नहीं देने का आरोप सरकार पर लगाया और कहा कि अगर पुलिस को फ्री हैंड मिला होतो तो न तो ये घटना होती और न ही प्रदेश में कानून का इतना खराब हाल होता।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कोई भी नागरिक सुरक्षित नहीं है और प्रदेश में सीएम नाम की कोई चीज नजर नहीं आती है। अभय ने कहा कि इस मामले में असली आरोपी को पकड़ने की मांग वे डीजीपी से करेंगे।
अभय ने कहा कि जब बदमाश कब्जा करने आए थे, तब पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कुलदीप राठी हमारे पुराने साथी है। परिवार के साथ बड़ी त्रासदी हुई है और इससे पता चलता है कि कानून का डर बदमाशों को नहीं है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में रोजाना आपराधिक वारदातें हो रही है और सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल ठप हो चुकी है।
दुष्यंत ने कहा कि उनके एक साथी राजेंद्र की समालखा स्थित दुकान पर भी बदमाश फायरिंग करके एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगकर चले गए, जो कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करते है।
उधर, जयदीप हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। कुरुक्षेत्र के पास नरवाना ब्रांच में सर्च अभियान चलाकर शव के सुराग का पता लगाया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है।
हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जयदीप राठी की हत्या कर उसके शव और खुन से सने कपड़े जलाकर राख कर दिए थे। अभी इस मामले में मुख्य आरोपी जलजीत उर्फ भोला फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।



