Yuva Haryana : सड़क हादसों के मामले दिनों-दिन बढ़ रहे हैं। सड़कों के निर्माण में प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी से लगातार बड़े हादसे होने के अनेक मामले भी अक्सर सामने आते रहते है, लेकिन लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की पहले से ही जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की जाती ? ये सवाल हमेशा उठते रहते है।
ऐसे में इस संबंध में हरियाणा के कैथल जिले में प्रशासन ने एक सख्त कदम उठाया है। दरअसल अब कैथल में कहीं खराब सड़क या सड़क की बनावट गलत होने के चलते अगर कोई हादसा होता है तो संबंधित विभाग के सड़क के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
यानी कि हादसे के लिए एसडीओ और जेई को भी जिम्मेदार माना जाएगा। इतना ही नहीं उन पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। इसमें लोक निर्माण विभाग के एसई, बिजली निगम के एसई, एनएचएआई के परियोजना निदेशक, एचएसवीपी के एस्टेट आफिसर, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता, नहरी विभाग के कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता, मुंसिपल कमेटी के अभियंता और रेलवे के कार्यकारी अभियंता को को ये पत्र जारी किया गया है।
पत्र में लिखा गया है कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश दिए गए थे कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा। ऐसे में आपसे संबंधित किसी भी सड़क की बनावट या रोड खराब होने के कारण कोई हादसा या जान माल की हानि होती है तो संबंधित विभाग के एसडीओ और जेई का नाम भी एफआईआर में जोड़ा जाएगा।




