महिलाओं को शाखा से जोड़ेगा RSS, पानीपत बैठक में होगी इस प्रस्ताव पर चर्चा

Yuva Haryana : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) महिलाओं के लिए अपने दरवाजे खोलने जा रहा है। आने वाले दिनों में संघ की शाखाओं में महिला स्वयंसेवक भी दिखाई दे सकती है। दरअसल, रविवार से आरएसएस की तीन दिवसीय बैठक हरियाणा के पानीपत में हो रही है। इस बैठक में महिलाओं को शाखा में शामिल करने के विषय चर्चा की जाएगी।
इस बात का संकेत देते हुए अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने बताया कि महिलाओं को शाखाओं से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। आरएसएस में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पर संघ चर्चा कर जल्द फैसला लेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में महिलाओं की भागीदारी सहित तीन प्रस्ताव लाए जाएंगे। आरएसएस में महिलाओं की सहभागिता के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए संघ की एक समर्पित शाखा है, जिसे राष्ट्र सेविका समिति के नाम से जाना जाता है, जो महिलाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर काम करती है।
वैद्य ने कहा कि सामाजिक जागरूकता, जनजागरण और सामाजिक बदलाव से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के बारे में बैठक के दौरान चर्चा की जाएगी। इसके अलावा बैठक में सामाजिक समरसता प्रस्ताव भी चर्चा होगा। इसमें भारत के विकास की नीति बनाई जाएगी। वहीं एक प्रस्ताव सर्वधर्म का होगा। इसमें सबको जोड़ने का प्रस्ताव रहेगा।
आपको बता दें कि देशभर में संघ की शाखाओं की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है। अगले एक साल में संघ का शताब्दी वर्ष शुरू होने के मद्देनजर दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़ाकर एक लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी देशभर में संघ की 68,651 शाखाएं हैं जिनमें 60 प्रतिशत विद्यार्थी शाखा, 10 प्रतिशत प्रौढ़ शाखा और 30 प्रतिशत कामकाजी लोगों की शाखाएं हैं।