हरियाणा कांग्रेस में फिर रार, अब कार्यकारी अध्यक्षों ने ही खोला उदय भान के खिलाफ मोर्चा

 

Yuva Haryana: हरियाणा में कांग्रेसी नेताओं में आपसी गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश कांग्रेस संगठन का गठन नहीं होने के चलते समय-समय पर नेताओं की आपसी नाराजगी सामने आती रहती है।

एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार इस बार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान के खिलाफ वरिष्ठ नेत्री एवं विधायक किरण चौधरी और दो कार्यकारी अध्यक्षों रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है। हालांकि, किरण चौधरी पहले भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी है लेकिन कार्यकारी अध्यक्षों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष पर सवाल खड़ा करना बड़ी बात है।

दरअसल, कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन वे कार्यकारी अध्यक्ष बने है, उस दिन से अब तक चार माह बीत चुके है लेकिन प्रदेश अध्यक्ष उनके साथ किसी भी तरह से बातचीत नहीं करते है।

इतना ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी कांग्रेसी नेताओं को मिलकर चलने का निर्देश देते है लेकिन हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केवल एक ही नेता की बात सुनते है। दरअसल, कार्यकारी अध्यक्षों के बयान के मायने है कि प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ही बात मानते है क्योंकि यह जगजाहिर है कि उदय भान हुड्डा गुट के नेता है।

रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता ने कहा कि पार्टी तभी मजबूत हो सकती है जब सबको साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। एक व्यक्ति, एक जाति और अहंकार के साथ कोई भी चुनाव नहीं जीत सकता। कार्यकारी अध्यक्षों ने संगठन के गठन में हो रही देरी पर भी चिंता जताई।

वहीं कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने भी कहा कि पार्टी के हितों को देखते हुए सभी को मिलकर काम करना होगा लेकिन सभी को दरकिनार कर पार्टी मजबूत नहीं हो सकती।