Yuva Haryana

चंडीगढ़ में मेट्रो दौड़ाने की तैयारी, सीएम मनोहर लाल ने दिए ये सुझाव

 

Yuva Haryana : ट्राइसिटी चंडीगढ़ में मेट्रो चलाने की तैयारी हो रही है। इसको लेकर वीरवार को पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार पर हरियाणा, पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ ने मंथन किया है। इस बैठक में राइट्स कंपनी के अधिकारियों ने मेट्रो प्लान को लेकर अपनी प्रेजेंटेशन दी।
 
पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में मेट्रो प्लान पर चर्चा की गई। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। वहीं पंजाब की तरफ से सीएम भगवंत मान के संगरूर दौरे पर होने के कारण मंत्री अनमोल गगन मान ने बैठक में हिस्सा लिया।

Meeting

सीएम मनोहर लाल ने बैठक में सुझाव देते हुए कहा कि मेट्रो के माध्यम से जीरकपुर को पिंजौर-कालका तक जोड़ा जाए ताकि चंडीगढ़ आने वाले नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिले। 

इसके अलावा, चंडीगढ़ से पिंजौर-कालका को भी जोड़ने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार में घग्गर नदी और नए पंचकूला के इलाकों को भी शामिल किया जाए। इसके लिए मेट्रो के पहले फेज में ही ये सभी रूट शामिल किये जाने चाहिएं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब, हरियाणा सिविल सचिवालय, विधानसभा, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, पीजीआई तथा एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर नागरिकों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में यदि इन स्थानों को भी मेट्रो से जोड़ा जाएगा, तो आमजन को ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी और उनके समय व पैसे की भी बचत होगी। इसलिए पहले फेज में ही इन मुख्य स्थानों को जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि पंचकूला वासियों के लिए एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को बेहतर और सुगम करने के साथ साथ ट्राईसिटी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना ही मेट्रो प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ को समन्वय स्थापित करते हुए पूरे तालमेल के साथ आगे बढ़ना है।