हरियाणा में भर्तियों के लिए पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया हुई आसान, अब ऐसे होगी वेरिफिकेशन

 

Yuva Haryana : हरियाणा के सभी विभागों में होने वाली भर्तियों के दौरान पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया अब फटाफट हो जाएगी। दरअसल, प्रदेश सरकार ने इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए इसे ऑनलाइन कर दिया है। इसके चलते पुलिस वेरिफिकेशन का कार्य में पहले के मुकाबले अब बेहद कम समय लगेगा।

आपको बता दें कि यह सुविधा ग्रुप ए, बी, सी और डी के पदों के लिए लागू होगी। राज्य सरकार ने मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली एप्लीकेशन (एचआरएमएस) में पुलिस सत्यापन को अपडेट करने के लिए एक नया ऑर्डर शामिल करने का निर्णय लिया है। अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस ऑर्डर के जरिए पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया और आसान हो जाएगी। पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरा भी होगी। 

वर्तमान में पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है, जो नियुक्ति आदेश जारी करने में देरी का कारण बनता है। इस प्रक्रिया के शुरू हो जाने से नियुक्ति के आदेश समय से जारी किए जा सकेंगे। 

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग आने वाले दिनों में करीब 60 हजार भर्तियां करने जा रहा है। ये भर्तियां ग्रुप सी और ग्रुप डी में की जाएंगी।