Yuva Haryana

अब इन तीन राज्यों पर आम आदमी पार्टी की नजर, चुनाव को लेकर बनाई रणनीति

 

Yuva Haryana : पंजाब राज्य में सरकार बनाने के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) अन्य राज्यों में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाना चाहती है। आप पार्टी ने राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति बनाई है। इनमें से पार्टी का राजस्थान पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा। इसको लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान जयपुर में शक्ति प्रदर्शन करेंगे।

राजस्थान में कांग्रेस की गुटबाजी का फायदा आम आदमी पार्टी उठाना चाहती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की राजनीतिक लड़ाई को आप अवसर के रूप देख रही है और कांग्रेस के वोट को कन्वर्ट करने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने चुनाव की रूप रेखा भी तैयार कर ली है।

पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ राजस्थान में अरविंद केजरीवाल का कार्यक्रम दर्शाता है कि आप पंजाब से सटे राजस्थान के क्षेत्रों और पंजाबी प्रभाव वाले क्षेत्रों पर रणनीति के तहत कार्य कर रही है। खबर यह भी है कि भगवंत मान के अलग से संवाद कार्यक्रम भी राजस्थान में कराए जाएंगे ताकि राजस्थान में मान पंजाबियों के बीच बड़ा चेहरे बने।

राजस्थान के अलावा आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में भी चुनाव की तैयारी शुरू करने जा रही है। इसको लेकर मंगलवार को अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान मध्यप्रदेश जाएंगे और भोपाल में सभा कर जनता की नब्ज टटोलेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ में आदिवासियों पर भी आप फोकस कर रही है। आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब में दी जाने वाली मुफ्त की सुविधाओं का जोर-शोर से प्रचार कर रही है।

हालांकि पिछले साल गुजरात और हिमाचल में हुए विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने हाथ आजमाया था लेकिन यहां आप कोई कमाल नहीं कर पाई। पार्टी का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था।