विदेशों में बिकेगी हरियाणा की फल-सब्जियां, हिसार से चला करेंगे कार्गो जहाज

Yuva Haryana: हरियाणा की फल-सब्जियों को विदेशों में बेचने के लिए हरियाणा सरकार तैयारी कर रही है। इसके लिए सरकार की हिसार एयरपोर्ट से कार्गो फ्लाइट चलाने की योजना है। इससे प्रदेश के किसानों की ताजा फल-सब्जियां विदेशी मंडियों में पहुंचेंगी और किसानों को फायदा मिलेगा।
इस बारे हिसार में बन रहे एयरपोर्ट का फायदा बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बन रहा है। उन्होंने कहा कि पैसेंजर की फ्लाइट जब चलेगी तब चलेगी लेकिन इससे पहले हम यहां कार्गो जहाज चलाएंगे ताकि इससे हरियाणा की ताजा फल व सब्जियां अरब देशों में भेजे पाएंगे।
सीएम ने कहा कि अरब देशों में ना तो फल होता है और ना ही सब्जी। इस चलते वे लोग यह सब बाहर से ही मंगवाते हैं लेकिन उनके पास तेल का पैसा बहुत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब्जियां भेजकर तेल मंगवा सकते हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारे यहां खेत में रोजाना जहां सब्जियां उगती हैं। खेतों से सब्जियां गाड़ियों व टेंपो में भरकर हिसार आएंगी और हिसार में पैकिंग कर इन पर स्टीकर लगाकर कार्गो के माध्यम से अरब देशों में शाम तक सब्जी भेज देंगे। इससे हरियाणा की ताजी सब्जियां अरब देशों में बिकने लगेगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कृषि मेले का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने समापन किया। मुख्यमंत्री ने कृषि मेले में विभिन्न स्टालों पर जाकर निरीक्षण किया और कृषि में नई तकनीकों की जानकारी ली। यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधा संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़ी अनेक योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि सरकार का सपना है कि प्रत्येक किसान की आमदनी दोगुनी हो। इसके लिए किसान को लागत कम और फसल का मूल्य ज्यादा लेना होगा। प्रदेश सरकार भी इस दिशा में काम कर रही है। सरकार ने एक एक्सपोर्ट काउंसिल भी बनाई है।