Haryana Weather Alert: हरियाणा में कल से चलेंगी धूल भरी आंधी, आज हिसार में रहा सीजन का सबसे गर्म दिन, 42 डिग्री पार पहुंचा पारा

 

Haryana Weather Alert: हरियाणा में आज सूर्य देवता ने जमकर आग बरसाई, वहीं हिसार में दिन का तापमान 42 डिग्री पार कर गया, जो कि इस सीजन का रिकॉर्ड बन गया है।

रात का तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। 

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन-चार दिनों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

हरियाणा के सभी शहरों में 8 मई से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 

पांच दिन से मौसम खुश्क और गर्म बना हुआ है। 

लगभग सभी शहरों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। 

शुक्रवार को एचएयू की कृषि मौसम वेधशाला में दिन का तापमान 42 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

IMD चंडीगढ़ ने आज पांच दिनों के मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है। 

उसे देखें तो अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और वृद्धि होने वाली है।

इसके बाद राज्य में कोई बड़ा परिवर्तन होने की उम्मीद मौसम विशेषज्ञों को नहीं है। 

हालांकि 16 मई को पश्चिमी विक्षोभ का कुछ असर जरूर प्रदेश में देखने को मिलेगा।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि 

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में कल 13 मई को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई के साथ धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। 

हरियाणा के उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर को हवाओं और गरजचमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों ने 13 मई के लिए प्रदेश के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 

पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, मेवात, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 13 मई को धूल भरी तेज आंधी और गरज चमक की चेतावनी दी गई है।

वहीं 14 और 15 मई को राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम खुश्क और गर्म रहेगा। 

दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान बीच बीच में पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। 

परंतु 16 मई रात्रि से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में फिर से बदलाव की संभावना बन रही है।