Yuva Haryana

हरियाणा एसटीएफ की टीम ने किया बड़ा काम, 65 हजार इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार

 

हरियाणा की स्पैशल टास्क फोर्स  ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 65,000 रुपए का इनाम था। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में एक 40,000 रुपए का ईनामी और दूसरा 25,000 रुपए का इनामी बदमाश है। 

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम एस.टी.एफ. की एक टीम ने पहले अभियान में बंधवारी, गुरुग्राम निवासी महेश उर्फ ढोलू को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विभिन्न धाराओं के तहत एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। यू.पी. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 40 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था।

आरोपी महेश उर्फ ढोलू को आगे की कार्रवाई के लिए टोनिका सिटी थाना नोएडा, यू.पी. को सौंप दिया जाएगा। एक अन्य कार्रवाई में एस.टी.एफ. की टीम ने एक फरार व उद्घोषित अपराधी को रोहतक जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

 गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी जिले के गांव ईशरवाल निवासी महावीर के रूप में हुई है। उसे रोहतक जिले के कलानौर से गिरफ्तार किया गया। यह भी खुलासा हुआ कि पकड़े गए बदमाश के खिलाफ भिवानी जिले के अलग-अलग थानों में पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अपराधी पिछले 22 साल से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपा हुआ था। आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाना तोशाम, भिवानी को सौंप दिया जाएगा।