हरियाणा में सामान्य से 54% अधिक बारिश, आज और कल इन जिलों में जमकर बरसेंगे बदरा, पढ़ें मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। शनिवार को 10 जिलों में बारिश हुई। सोनीपत में सबसे ज्यादा 97.5 MM बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा नारनौल, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सिरसा, कुरुक्षेत्र और करनाल में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन- चार दिन प्रदेश भर में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं तापमान में भी 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार अभी तक 54 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है।
शनिवार सुबह प्रदेश के GT बेल्ट के अलावा दक्षिणी हरियाणा के भी विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। रेवाड़ी में सुबह साढ़े 3 घंटे झमाझम बारिश हुई है।
गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 1 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
आज यानि 30 जुलाई को सिरसा, फतेहाबाद, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है।
31 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, जींद, कैथल करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में येलो अलर्ट है। 1 अगस्त को पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला समेत 12 जिलों में और 2 अगस्त को समूचे हरियाणा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।