Haryana News: हरियाणा में दिखने लगा है बिपरजॉय चक्रवात का असर, आज और कल इन जिलों में बरसेंगे बादल

Haryana News: हरियाणा में बिपरजॉय चक्रवात का असर दिखना शुरू हो गया है। रेवाड़ी शहर में सुबह साढ़े 5 बजे से रूक- रूक कर बारिश हो रही है। इससे पहले रात को तेज हवाओं का दौर रहा था और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। बरसात से आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने 18 जून से ही मौसम में बदलाव के संकेत दिए थे। 20 जून तक रेवाड़ी सहित अन्य जिलों में तेज बारिश का अलर्ट पहले ही जारी हो चुकी है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि दक्षिण हरियाणा के क्षेत्रों में बिपरजॉय चक्रवात का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
आज और कल रहेगा असर
हरियाणा के उत्तर और दक्षिण हरियाणा के जिलों में 19 व 20 जून को भी बिपरजॉय का असर रहेगा। उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
इसके अलावा दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, झज्जर, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में भी हवाओं की यही रफ्तार रहेगी। इस दौरान गरज- चमक के साथ बारिश भी होने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है।