Haryana E Tendering Update : हरियाणा में ई-टेंडरिंग पर सरपंचों की CM से मीटिंग आज, यह फैसला आने की है संभावना
हरियाणा में इन दिनों ई-टेंडरिंग पर बवाल मचा हुआ है। कहा जा रहा है कि आज इस विवाद का हल निकल सकता है, क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज चंडीगढ़ में सरपंचों के साथ वार्ता करने वाले हैं।

Haryana E Tendering Update : हरियाणा में इन दिनों ई-टेंडरिंग पर बवाल मचा हुआ है। कहा जा रहा है कि आज इस विवाद का हल निकल सकता है, क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज चंडीगढ़ में सरपंचों के साथ वार्ता करने वाले हैं।
बता दें कि इससे पहले जिला परिषद चेयरमैनों की बैठक के दौरान सरपंचों को 5 लाख तक के काम करवाने की पावर देने का सुझाव दिया गया था। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के साथ इस बैठक में CMO की टीम भी मौजूद थी।
हाईकोर्ट के निर्देश पर धरना हुआ था खत्म
हरियाणा के सरपंचों पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर 4 मार्च की रात बड़ा एक्शन लिया गया था जिसके बाद पुलिस ने रात 10 बजे के करीब सरपंचों द्वारा लगाए गए तंबुओं को उखाड़ दिया गया था और उनका पक्का धरना खत्म करा दिया था। वहीं जो सरपंच विरोध कर रहे थे उन पर हल्का बल प्रयोग करते हुए अरेस्ट कर लिया था।
4 हजार सरपंचों के खिलाफ किया गया है मामला दर्ज
पंचकूला में एक मार्च को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे सरपंचों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। जिसमें 100 से ज्यादा सरपंच घायल हो गए थे। वहीं पंचकूला पुलिस ने कल देर रात 4000 सरपंचों के खिलाफ आईपीसी की 10 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर धरने पर बैठे सरपंचों ने कल मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल को खाली हाथ लौटा दिया था।
वार्ता विफल हुई तो 11 को करनाल कूच किया
सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणवीर सिंह समन ने कहा कि पंचकूला में पुलिस की कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के साथ आज की वार्ता विफल होती है तो वह 11 मार्च को करनाल की ओर कूच करेंगे। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। समन ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा-जजपा विधायकों के खिलाफ सरपंच
पुलिस लाठीचार्ज से भड़के सरपंच ने ऐलान किया है कि वह सत्ताधारी भाजपा-जजपा विधायकों को अपने क्षेत्र में नहीं घुसने देंगे। अगर फिर भी वे गांवों में आते हैं तो इसके जिम्मेदार वे खुद होंगे। सरपंच संघ के प्रदेश प्रवक्ता व भट्टू संघ के अध्यक्ष चंद्रमोहन ने कहा कि सरकार द्वारा उनके साथ बुरा व्यवहार किया जा रहा है। गांव में आने पर सरकार के लोगों के साथ भी वैसा ही व्यवहार किया जाएगा। हरियाणा के गांवों में डबल टर्न लेने का रिवाज है।