पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का बड़ा ऐलान, बोले- यह मेरे संघर्ष की आखिरी लड़ाई

Yuva Haryana : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने राजनीतिक करियर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2024 को उनकी संघर्ष की आखिरी लड़ाई बताया है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐलान करते हुए कहा कि अब वे 75 साल के हो गए हैं इसलिए यह उनकी आखिरी आरपार की लड़ाई है। भूपेंद्र हुड्डा ने यह ऐलान विधानसभा गढ़ी सांपला किलोई में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग यहां संभाले, वे पूरे हरियाणा में संघर्ष करेंगे।
हुड्डा ने कहा कि वे 75 वर्ष के हो गए है इसलिए क्षेत्र के लोगों से संघर्ष करने की इजाजत लेने आएं हैं। अगर आप लोग संघर्ष करने के लिए कहेंगे तो वे कमर कसकर मैदान में उतर जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एक बार वे गंगा में डूबते हुए बच गए थे, तब उन्होंने संकल्प लिया था कि जितनी उम्र बची है, वे जनता के लिए काम करेंगे। दो बार बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे कोरोना काल के दौरान कोरोना के चपेट में आ गए थे, यह भी एक तरह से उनका दूसरा जन्म है इसलिए फिर से संघर्ष करने के लिए वे जनता के बीच जा रहे है।
हुड्डा ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में कर्मचारी, युवा, किसान सहित सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने इस बार कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनने का दावा भी किया।