Yuva Haryana

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी, प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में नदारद रहे इस गुट के कार्यकर्ता

 

Yuva Haryana : हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर से देखने को मिली है। इस बार पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों में कई नेताओं ने दूरी बनाकर कांग्रेस की चिंता बढ़ाई है। दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान यमुनानगर जिले के दौरे पर पहुंचे थे लेकिन पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के गुट के कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।  

यमुनानगर में उदयभान ने कई नुक्कड़ सभाएं कर जिले में दो अप्रैल को अनाज मंडी में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। इन सभाओं से प्रदेश कांग्रेस के ज्यादातर सदस्यों ने दूरी बनाए रखी।

अंबाला लोकसभा क्षेत्र में सैलजा गुट का खासा प्रभाव माना जाता है। यहां से कांग्रेस में कई पूर्व जिला अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष हैं लेकिन वे भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यक्रमों में नहीं आए। इससे एक बार फिर से हुड्डा और सैलजा गुट के आपसी राजनीतिक विवाद सामने आए है जो कि यमुनानगर में खासा चर्चा के विषय बने हुए है।
  
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कांग्रेस की गुटबाजी पर बोलते हुए भाजपा को घेरा और कहा कि हमारी पार्टी से ज्यादा गुटबाजी तो बीजेपी में है। उन्होंने कहा कि दो अप्रैल को यमुनानगर में होने वाला कार्यक्रम पार्टी का है और इसमें कौन आएगा, इसका पता दो अप्रैल को चलेगा।

आपको बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी नई नहीं है। कांग्रेस में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा कई गुट बने हुए है। इनमें रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, कैप्टन अजय यादव, किरण चौधरी प्रमुख रूप से शामिल है। आपसी गुटबाजी के कारण हरियाणा में कांग्रेस के कार्यकर्ता भी परेशान है। पिछले 12 सालों में कई प्रदेशाध्यक्ष तो बदले लेकिन कांग्रेस का संगठन नहीं खड़ा हो पाया है।