हरियाणा में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव की चर्चा, चुनाव तैयारियों में जुटी पार्टियां

 

Yuva Haryana : हरियाणा में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव होने की चर्चाएं काफी तेज हो रही है। अगले साल मार्च-अप्रैल में लोकसभा के चुनाव होने है और अक्टूबर 2024 में ही हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी की गठबंधन सरकार के पांच साल पूरे हो जाएंगे। ऐसे में एक चर्चा है कि हरियाणा में लोकसभा के चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव हो जाने चाहिए।

दरअसल, ये चर्चा उस समय से शुरू हुई जब केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पानीपत में हुई एक जनसभा में इसके संकेत दिए। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने भी इसके संकेत दिए।

सिरसा जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी कहा कि यदि लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव होते है तो भाजपा पूरी तरह से तैयार है।

एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा केंद्रीय नेतृत्व में भी इस बात को लेकर मंथन चल रहा है। साथ ही प्रदेश का नेतृत्व भी लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा का चुनाव करवाने के पक्ष में है।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी इसके पक्ष में है। उनका कहना है कि अगर लोकसभा और हरियाणा के विधानसभा के चुनाव एक साथ होते हैं तो इससे चुनावों पर होने वाला खर्च और चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारियों का वक्त बचेगा। हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस भी एक साथ चुनाव होने के लिए तैयार रहने की बात कर रही है।

दूसरी तरफ, हरियाणा में सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुटे है। सीएम मनोहर लाल जनसंवाद के जरिए जनसंपर्क कर रहे है तो भाजपा की सहयोगी पार्टी जेजेपी भी जनसंपर्क के साथ-साथ संगठन मजबूत करने में जुटी हुई है।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला प्रदेशभर में कई जिलों का दौरा कर शहरवासियों से रूबरू हो रहे है। वे करीब आधा दर्जन जिलों का दौरा कर चुके है और संगठन का पुनर्गठन का कार्य भी जारी है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी जनसंपर्क कर रहे है। इस चर्चा के बीच सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी जमीन मजबूत करने में लगे हुए है।