Yuva Haryana

हरियाणा कांग्रेस में संगठन के गठन को लेकर घमासान, कब जारी होगी पदाधिकारियों की लिस्ट ?

 

Yuva Haryana : लंबे समय से हरियाणा कांग्रेस के संगठन का गठन न होने के चलते कांग्रेस आपसी कलह से जूझ रही है। प्रदेश के कांग्रेसी नेता आपस में एक-दूसरे पर इसका ठीकरा फोड़ रहे तो वहीं जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की सूची कांग्रेस हाईकमान के पास पहुंचने के बाद भी वरिष्ठ नेता सूची जारी करने का निर्णय नहीं ले पा रहा है कि किस नेता के समर्थकों को कितने पद दिए जाएं।

पिछले दिनों ही पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने माना कि प्रदेश में पार्टी का संगठन नहीं होना बड़ी कमजोरी है। वे इसके लिए पार्टी नेताओं की कमी मानती हैं, जिनमें वे खुद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का गठन होना चाहिए ताकि कार्यकर्ता का मनोबल बढ़े। सैलजा यह सवाल उठा रही है कि प्रदेश अध्यक्ष होते हुए वह तो संगठन नहीं बना पाई थी लेकिन इसमें अब देरी क्यों हो रही है।  

सैलजा के सवाल के जवाब में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले साल से संगठन खड़ा नहीं होने के लिए वे खुद जिम्मेदार नहीं है। वह तो विधायक दल के नेता हैं, संगठन में उनका कोई दखल नहीं होता है।

 हुड्डा ने कहा कि यह काम प्रदेशाध्यक्ष और हाईकमान का होता है। हुड्डा ने यह भी कहा कि जहां तक पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा द्वारा संगठन नहीं बनने को लेकर अपनी कमी मानी है, ये अच्छी बात है, अपनी कमी माननी भी चाहिए।

इस मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि संगठन का गठन होना चाहिए। इसके न होने से पार्टी को नुकसान होता है, लेकिन गलत गठन से ज्यादा नुकसान होता है। सबको साथ लेकर संगठन गठन होना चाहिए।

वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान का कहना है कि संगठन के गठन को लेकर अब पार्टी हाईकमान को निर्णय लेना है। संगठन को लेकर नामों की सूची पार्टी हाईकमान के पास जा चुकी है।

कांग्रेस नेताओं की आपसी कलह के चलते पदाधिकारियों की नियुक्ति की सूची नई दिल्ली में ही अटकी हुई है। कांग्रेस पार्टी में साल 2014 से संगठन नहीं बन पाया है। पार्टी में कई प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जा चुके है। यहां तक कि प्रदेश अध्यक्ष होते हुए कुमारी सैलजा पर भी संगठन के गठन न होने का काफी दबाव बनाया गया था।  

कांग्रेसी नेता कई सालों से नियुक्तियों की सूची जारी करने की जद्दोजहद में लगे हुए है लेकिन सवाल वही का वही बना हुआ है कि आखिर ये सूची कब जारी होगी ?