प्रदेश में चुनावी ताल ठोकेगी आम आदमी पार्टी, हरियाणा का लाल केजरीवाल के नारों से करेगी आगाज
Updated: Jun 8, 2023, 10:36 IST

Yuva Haryana: हरियाणा में होने वाले चुनावों को आम आदमी पार्टी अपनी पूरी तैयारियो में जुट गई है ।वही आप हरियाणा का लाल केजरीवाल के नारे के साथ आम आदमी पार्टी राज्य में 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है।
आठ जून वीरवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मिलकर जींद से तिरंगा यात्रा के जरिए चुनावी शंखनाद करेंगे। इसके बाद राज्य भर में सिलसिलेवार तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
2024 में होने वाले चुनाव के लिए शंखनाद
आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि हरियाणा से होने वाले चुनावी शंखनाद का असर राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव पर भी पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता, पार्टी की प्रचार कमेटी के चेयरमैन पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर, पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने बुधवार को चंडीगढ़ में एक संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की तिरंगा यात्रा के बारे में जानकारी दी।
जींद में आम आदमी पार्टी का पहला कार्यक्रम
तिरंगा यात्रा के दौरान ही अरविंद केजरीवाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की प्रदेश स्तरीय टीम की घोषणा के बाद जींद में यह पहला कार्यक्रम है, जिसमें इन नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। आदमपुर उपचुनाव में आप का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। तब भी केजरीवाल व भगवंत मान ही प्रचार करने आए थे।