हरियाणा अंक तालिका में सबसे आगे, आज दो गोल्ड, तीन सिल्वर तथा एक कांस्य पदक हासिल किया
Wed, 8 Jun 2022

हरियाणा के पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आज शाम चार बजे तक हरियाणा के खिलाडिय़ों ने दो गोल्ड, तीन सिल्वर तथा एक कांस्य पदक प्राप्त करने में कामयाबी हासिल की।
हरियाणा के खिलाडिय़ों ने बैंडमिंटन में गोल्ड पदक हासिल किया जिसमें उन्नति हुडा ने गुजरात की धाकड़ बैडमिंटन खिलाड़ी तसनीम मीर को पराजित कर गोल्ड पर कब्जा जमाया।
कबड्डी में लडकियों के वर्ग में आज हरियाणा की छोरियों ने कमाल कर दिखाया और गोल्ड जीतने में सफल रहीं। हरियाणा की लडकियों ने 48 अंक हासिल कर सोने पर कब्जा किया जबकि महाराष्ट के खिलाडिय़ों को 29 अंक मिले।
इसी प्रकार, हैमर थ्रो में हरियाणा के खिलाड़ी विनित ने 68.20 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया और हरियाणा को पदक तालिका में बढ़त हासिल कराने में अपना पूरा सहयोग दिया। यूं ही, वालीबाल में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने रजत पदक प्राप्त किया लेकिन इस मैच में उन्होंने तमिलनाडु की टीम को पूरी टक्कर दी।
अगर आज के वेटलिफ्टिंग मैंच की बात करें तो हरियाणा की सोनाक्षी ने 174 अंक हासिल करके रजत पदक झटका और अंक तालिका में हरियाणा को पहले नंबर पर बनाए रखने में पूरी मदद की। इसी तरह, 1500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में हरियाणा की ललिता ने 4 मिनट 51.60 सेंकेण्ड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।