हरियाणा में किसान पर मधुमक्खियों का हमला, अस्पताल में हुई दर्दनाक मौत

हरियाणा के पलवल में किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। किसान युवक की उम्र 32 साल थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतक विजय के भाई समय सिंह के मुताबिक विजय खेत में काम करने के लिए गया था। वहां मधुमक्खी का एक छत्ता लगा हुआ था। काम के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने विजय पर हमला कर दिया।
इसके कारण विजय की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे पलवल के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन विजय की तबीयत संभालते ना देख प्राइवेट हॉस्पिटल ने उसे फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया।
फरीदाबाद में भी विजय का उपचार किया गया, लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में रेफर किया गया। यहां अगले दिन विजय की मौत हो गई।
प्रथम दृष्टया यह मामला मधुमक्खी के जहर से हुई मौत का ही माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले किया है। मृतक पलवल के स्यारोली गांव का रहने वाला था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। विजय की आकस्मिक मौत के चलते पूरा परिवार सदमे में है।