Navjot Sidhu: आज जेल से बाहर आएंगे नवजोत सिद्धू, 320 दिन रोडरेज केस में काटी सजा

 

कांग्रेस की पंजाब ईकाई के पूर्व प्रधान और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू आज जेल से बाहर आ रहे हैं। सिद्धू पूरे 320 दिन बाद पटियाला सेंट्रल जेल से बाहर आएंगे। 

सजा के दौरान कोई छुट‌्टी नहीं लेने का नवजोत सिंह सिद्धू को फायदा मिल रहा है और वो 19 मई से 48 दिन पहले रिहा हो रहे हैं। 

सिद्धू के ट्विटर पेज पर शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। ट्वीट में लिखा था कि वरिष्ठ अधिकारियों ने रिहाई की सूचना दी है। वहीं सिद्धू को रिसीव करने के लिए इस बार कोई बड़ा ताम-झाम आयोजित नहीं किया जा रहा। 

वहीं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी उन्हें रिसीव करने के लिए जाने से मना कर दिया है। हालांकि सिद्धू के समर्थक उनके ग्रैंड वेलकम की तैयारी में हैं।

सिद्धू का रोड रेज केस क्या था?

दरअसल 1988 में पंजाब के पटियाला में गाड़ी पार्किंग को लेकर 65 वर्षीय गुरनाम सिंह से सिद्धू का विवाद हो गया था। 

इस विवाद में सिद्धू ने गुरनाम सिंह पर घूंसे बरसाए थे, जिससे बाद गुरनाम की मौत हो गई थी। 

मृतक गुरनाम सिंह के परिजनों ने 2010 में एक चैनल के शो में सिद्धू द्वारा गुरनाम को मारने की बात स्वीकार करने की सीडी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी।